School Teacher Viral Video : पढ़ाई की जगह पंखे झल रहा मासूम, सोशल मीडिया पर टीचर की रॉयल्टी का वीडियो वायरल


 शिखर संवाद ब्यूरो- मध्य प्रदेश 

School Teacher Viral Video : मध्य प्रदेश के रीवा जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है। सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के स्तर पर तो अक्सर सवाल उठते हैं, लेकिन वायरल हो रहे इस वीडियो ने शिक्षकों की संवेदनशीलता को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है। जहां एक तरफ सरकार बच्चों के भविष्य को संवारने के दावे करती है, वहीं इस दृश्य में एक नन्हा छात्र किताब पकड़ने के बजाय हाथ का पंखा थामे अपने शिक्षक की 'सेवा' करता नजर आ रहा है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल हुए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शिक्षिका कान में ईयरफोन लगाकर फोन पर बात करने में मशगूल हैं। उनके बगल में खड़ा एक मासूम छात्र उन्हें हाथ वाले पंखे से लगातार हवा कर रहा है। बच्चे के चेहरे पर थकान साफ झलक रही है, लेकिन शिक्षिका को इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा। हालांकि, वीडियो में वह साथ-साथ कॉपी भी चेक करती दिख रही हैं, जिसके बाद बच्चा अपनी कॉपी लेकर वहां से चला जाता है।

इस वीडियो ने इंटरनेट पर गुस्से की लहर पैदा कर दी है। अब तक इसे हजारों लाइक्स और रीट्वीट मिल चुके हैं। नेटिजन्स स्कूल की बदहाली और शिक्षकों के रवैये पर तीखे सवाल उठा रहे हैं। कुछ यूजर्स ने इसे सीधे तौर पर बाल शोषण करार दिया है, तो कुछ का कहना है कि इसी अव्यवस्था के कारण लोग सरकारी स्कूलों से कतराते हैं। सवाल यह भी खड़ा होता है कि क्या स्कूल में बिजली या पंखे की न्यूनतम सुविधा भी मौजूद नहीं है? हालांकि, अब तक विभाग की ओर से इस वीडियो की प्रामाणिकता या शिक्षिका की पहचान पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वजह चाहे गर्मी हो या कुछ और, एक छात्र से पंखा हंकवाना शिक्षा के मंदिर की गरिमा के खिलाफ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ